हरियाणा,,
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष फूल चंद मुलाना ने कहा कि बाबा रामदेव एक योग गुरू हैं और बाबा ने योग के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है, इसलिए उन्हें अपना ध्यान राजनीति की बजाए योग के प्रचार-प्रसार पर अधिक रखना चाहिए। हरियाणा एक छोटा सा प्रदेश है और इसमें क्षेत्रवाद की बात न होकर पूरे प्रदेश का सर्वांगीण विकास हो रहा है। श्री मुलाना आज यह बात करनाल में कही।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की कार्यकारिणी को और अधिक मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं को कमर कसनी होगी। कार्यकर्ता सरकार की नीतियों व जन-कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें। कार्यकर्ता पूरी तैयारी के साथ जनता के बीच जाएं तथा उन्हें सरकार की नीतियों के बारे में विस्तार से जानकारी दें। कार्यकर्ताओं को जागरूक करने के उददेश्य से ही आगामी 9 सितम्बर को प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे सरकार और जनता के बीच एक सशक्त कड़ी के रूप में कार्य करें। कांग्रेस पार्टी एक परिवार की न होकर पूरे देश की पार्टी है जबकि हरियाणा प्रदेश में कई क्षेत्रीय दल एक परिवार तक ही सीमित हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष जनहित के मुददे न उठाकर आधारहीन बातें करके जनता को गुमराह कर रहा है। विधानसभा सत्र के दौरान भी वे जनहित का कोई सशक्त मुददा नहीं उठा पाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का सदस्यता अभियान जारी है।
उन्होंने कहा कि अभी देश व प्रदेश में मध्यावधि चुनाव की कोई बात नहीं है, ये चुनाव अपनी निश्चित अवधि 2014 में ही होंगे। उन्होंने राजनीतिक दलों के गठबंधन के बारे में कहा कि उनकी स्थिति आगामी चुनाव में जनता ही बताएगी।
श्री मुलाना ने कहा कि हरियाणा सरकार प्रदेश के हर वर्ग की भलाई के लिए काम कर रही है। किसान, व्यापारी, मजदूर व गरीब वर्ग के लोगों के लिए चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं से आम जन को सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने बताया कि वे आज करनाल में 20 सूत्रीय आर्थिक कार्यक्रम के तहत जिला में चल रहे विकास कार्यो की समीक्षा करने के उददेश्य से सहां आए थे। इस तरह की बैठकें वे अन्य कई जिलों में भी कर चुके हैं।
इस अवसर पर कांग्रेस पार्टी के जिला ग्रामीण अध्यक्ष सुरेन्द्र नरवाल, शहरी अध्यक्ष सुरेश भारद्वाज, जिला मीडिया अध्यक्ष जयवीर मान, प्रदेश महासचिव रमेश सैनी, कांग्रेसी नेता करतार सिंह सिंधड, जोगिन्द्र चौहान, भगवान दास बंसल, मुनीष कामरा, गोपाल सहोत्रा, भूषण शर्मा सहित अन्य कांग्रेस पार्टी कार्यकर्ता भी उपस्थित थे।