मुंबई । साउथ फिल्ममेकर राजेश टचरिवर अब सीरियल किलर मोहन कुमार की रियल लाइफ इंसिडेंट पर फिल्म बनाने की तैयारी में है। फिल्म का नाम होगा ‘सायनाइड’। इस फिल्म में ऐक्ट्रेस प्रियमणी अहम किरदार निभाएंगी। प्रियमणि इस फिल्म में पुलिस का रोल निभाएंगी जो कि सायनाइड मोहन का पता लगाती हैं।
फिल्म में सायनाइड मोहन का रोल कौन निभाएगा, इस बात का खुलासा अभी नहीं किया गया है। प्रियमणि बताती हैं, मैंने जैसे ही स्क्रिप्ट पढ़ी इसके लिए हां कह दिया। उन्होंने बताया कि फिल्म की शूटिंग जनवरी में शुरू हो जाएगी। प्रियमणि अजय देवगन की फिल्म ‘मैदान’ में उनके साथ दिखाई देंगी।साउथ कर्नाटक की यह घटना रोंगटे खड़े करने वाली है। एक सीरियल किलर मोहन कुमार विवेकानंद ने अपने प्यार के जाल में फंसाकर 20 महिलाओं की हत्या कर दी थी। वह उनसे फोन पर मीठी-मीठी बातें करके उन्हें प्यार के जाल में फंसाता था। ये ज्यादातर वही महिलाएं थीं जो किसी वजह से अकेली थीं या गरीबी की वजह से उनकी शादी नहीं हो पा रही थी। वह उनसे शादी करता, उनके साथ कहीं रात बिताता फिर पास के बस स्टैंड पर ले जाकर उन्हें बर्थ कंट्रोल पिल खाने को देता था। इस गोली में वह सायनाइड लगा देता था। महिलाओं से वॉशरूम में जाकर खाने को कहता था। गोली खाते ही महिलाएं मर जाती थीं। वह उनके गहने वगैरह लेकर भाग जाता था। कोर्ट ने उसे फांसी की सजा सुना दी थी।
बता दें कि साल 2003-2009 के बीच कर्नाटक में एक सीरियल किलर ने दहशत पैदा कर दी थी। मोहन कुमार नाम का यह शख्स सीरियल किलर था जो कि शादी करके सुहागरात पर अपनी बीवी को मार देता था। उसके मारने का तरीका बेहद चालाकी भरा था और इसमें वह सायनाइड का इस्तेमाल करता था। यह घटना सामने आने के बाद लोगों ने उस हत्यारे का नाम ‘सायनाइड मोहन’ रख दिया था। PLC.