वर्किंग जर्नलिस्ट्स के राष्ट्रीय अधिवेशन में बहुगुणा का आश्वासन : उत्तराखंड में पत्रकारों की समस्याओं पर होगा विचार !

0
45

vijay bahuguna chief minister of uttarakhand,invcआई एन वी सी ,

ऋषिकेश,

 उत्तराखंड में श्रमजीवी पत्रकारों की समस्याओं पर विचार कर आवश्यक कार्यवाही के लिए राज्य सरकार एक समिति बनाएगी। कार्यरत महिला पत्रकारों के लिए एक वूमेन हॉस्टल बनाया जाएगा। उत्तर प्रदेश में श्रमजीवी पत्रकारों को जो सुविधाएं मिल रही हैं, उत्तराखंड में भी वे ही सुविधाएं श्रमजीवी पत्रकारों को मिलेंगी। ऋषिकेश के परमार्थ निकेतन में इंडिया फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स के 66 वें राष्ट्रीय अधिवेशन में ‘‘गंगा स्वच्छता में मीडिया की भूमिका’’ विषय पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा बतौर मुख्य अतिथि सम्बोधित कर रहे थे।

      मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र को सशक्त करने के लिए अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता सुनिश्चित की जानी अति आवश्यक है। निर्भीक व जोशपूर्ण पत्रकारिता के साथ ही पारदर्शिता व दृढ़ इच्छाशक्ति देश के विकास व प्रजातंत्र की मजबूती के लिए जरूरी है। मीडिया लोकतंत्र का चतुर्थ स्तम्भ है, इसकी बुनियाद को मजबूत किए जाने की आवश्यकता है।

      मुख्यमंत्री ने कहा कि गंगा जीवन है। सभी प्रान्तों में बहने वाली नदियां पवित्र हैं। इन्हें प्रदूषण से मुक्त किए जाने के लिए संकल्पशक्ति के साथ सभी को मिलजुलकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को भीषण दैवीय आपदा का सामना करना पड़ा जिसमें अपार जन धन की हानि हुई। स्थानीय लोगों ने स्वयं अभाव मे ंरहकर बाहर से आए लोगों की जिस प्रकार मदद की वह सराहनीय है। राज्य सरकार ने सेना, एनडीआरएफ, पुलिस के सहयोग से एक लाख तीस हजार से अधिक लोगों को हिमालयी सुनामी से सुरक्षित बाहर निकाला। यह सम्भवतः अब तक का सबसे बड़ा बचाव अभियान था। सरकार 100 दिनों के भीतर 300 करोड़ रूप्ए की राहत राशि का वितरण चैक के माध्यम से आपदा प्रभावितों को कर चुकी है। उन्होंने कहा कि ‘‘राज्य सरकार केवल राहत राशि का वितरण ही नहीं कर रही है बल्कि जिम्मेवारी भी उठा रही है। सरकार जिम्मेवारी उठा रही है बेघर हुए बच्चों की। उनकी स्कूल व कालेज की एक वर्ष की फीस राज्य सरकार वहन करेगी। चाहे वह कक्षा एक में पढ़ रहा हो या इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा हो। आपदा से प्रभावित परिवारों की कन्याओं के विवाह के लिए एक लाख रूप्ए की एफडी कराई जा रही है।’’ उन्होंने कहा कि सरकार ने आपदा प्रभावितों को राहत पहुंचाने के लिए मानक बदल दिए। राहत राशि में कई गुना बढ़ोतरी की गई। मुख्यमंत्री ने देश विदेश से आए श्रमजीवी पत्रकारों को देवभूमि में स्वागत करते हुए कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा सरकार की जिम्मेवारी है।

      फेडरेशन के अध्यक्ष के विक्रम राव ने संस्था व कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कहा कि समाज से संवाद स्थापित करने में मीडिया की अहम भूमिका है। इस अवसर पर परमार्थ निकेतन के स्वामी चिदानंद मुनि, केबिनेट मंत्री यशपाल आर्य, डा.हरक सिंह रावत, मंत्रीप्रसाद नैथानी, मजदूर नेता शिवगोपाल मिश्रा, फेडरेशन के परमानंद पांडे,राममहेश मिश्रा, कमल शर्मा, मुदिता सहित देश विदेश से आए पदाधिकारी व सदस्यगण उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here