आई एन वी सी न्यूज़
भोपाल,
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि लोकतंत्र में व्यवस्था लोगों की सेवा के लिये है। संवेदना के साथ और बिना अहंकार के बेहतर काम करें। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज यहाँ विधानसभा में भारतीय प्रशासनिक सेवा के प्रशिक्षु अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारी प्रदेश के विकास में प्रभावी भूमिका निभायें। विकास का एक पक्ष अधोसंरचना का विकास तथा दूसरा पक्ष मानव संसाधन विकास है। यदि विकास का लाभ आम व्यक्ति तक नहीं पहुँचे तो विकास बेमानी है। प्रदेश में विकास का लाभ आम व्यक्ति तक पहुँचाने के लिये कई कल्याणकारी योजनाएँ बनायी गई हैं। समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद के लिये पंचायतें आयोजित की गई हैं। इनमें संबंधित वर्गों से प्राप्त सुझावों के आधार पर योजनाएँ बनाई गई हैं। योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुँचे इसके लिये प्रभावी क्रियान्वयन जरूरी है। संवेदना के साथ काम कर जनता की बेहतर सेवा कर सकते हैं। ऐसे काम करें कि जनता सकारात्मक रूप से याद रखें। पवित्र-भाव और पूरी क्षमता से लोगों के कल्याण के लिये काम करें और बेहतर प्रशासक बनें।
प्रशासन अकादमी की महानिदेशक श्रीमती कंचन जैन ने प्रशिक्षण कार्यक्रम की जानकारी दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री इकबाल सिंह बैंस और अकादमी की संचालक श्रीमती शिखा दुबे उपस्थित थीं।