दिल्ली,
आम आदमी पार्टी (आप) ने लोकसभा चुनाव के लिए आज अपने उम्मीदवारों की 13वीं लिस्ट जारी कर दी है। पार्टी ने इस लिस्ट में 8 राज्यों के लिए 22 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की है। पार्टी ने लखनऊ सीट से एक्टर जावेद जाफरी को टिकट दिया है। इस सीट से बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह और कांग्रेस नेता रीता बहुगुणा जोशी चुनावी मैदान में हैं।
वहीं दूसरी ओर पार्टी को फर्रुखाबाद से झटका लगा है। यहां से मुकुल त्रिपाठी ने पार्टी द्वारा सहयोग न करने पर अपना टिकट लौटा दिया है। हालांकि पार्टी ने मुकुल के आरोपों को बेबुनियाद बताया है।
इस सूची में बिहार के लिए 7, गुजरात के लिए 3, झारखंड के लिए 3, तमिलनाडु के लिए 5 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की गई है। यूपी, हिमाचल प्रदेश और छत्तीसगढ़ के लिए 1-1 उम्मीदवार की घोषणा की गई है। आम आदमी पार्टी अब तक 407 लोकसभा प्रत्याशियों के नाम घोषित कर चुकी है।गुजरात की गांधीनगर सीट पर भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के खिलाफ रितुराजभाई मेहता पार्टी के उम्मीदवार होंगे। बिहार में अनवर आलम मधेपुरा सीट से चुनाव लड़ेंगे, जहां से फिलहाल जदयू प्रमुख शरद यादव सांसद हैं। कांग्रेस-राजद गठबंधन ने राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव को इस सीट पर उतारा है।
इस सूची के साथ आप द्वारा घोषित किए गए उम्मीदवारों की संख्या बढ़कर 407 हो गई है।