आई एन वी सी,
लखनऊ,
समाजवादी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता श्री राजेन्द्र चौधरी ने कहा है कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने अपनी पार्टी को नागिन की संज्ञा देकर उसके सही चरित्र को उजागर किया है। प्रदेश में कानून व्यवस्था और सद्भाव रखनेवालो को इनसे सावधान रहना चाहिए। समाजवादी पार्टी इस नागिन को पहचान रही है। इनके मंसूबों को वह किसी कीमत पर सफल नहीं होने देगी।
समाजवादी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता श्री चौधरी ने कहा है कि भाजपा और आरएसएस जैसे तत्वों का चरित्र विभाजनकारी रहा है। मुरादाबाद के कांठ के मामले को लेकर अधिकारियों के प्रति भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष की टिप्पणी अत्यन्त अशोभनीय एवं निदंनीय है। भाजपा उनकी अपनी पार्टी है वह उसे नाग कहें या नागिन यह उनका अधिकार है लेकिन नागिन के रूप में प्रदेश की कानून व्यवस्था को डसने की कोशिश होगी तो उसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
स्मरणीय है कि बसपा की अध्यक्ष सुश्री मायावती एकाधिक बार भाजपा को नागनाथ कह चुकी हैं। उनकी इस मामले में ज्यादा समझ रही है क्योंकि भाजपा के साथ उनके गहरे रिश्ते रहे हैं। बसपा को तीन सरकारें भाजपा के सहारे बनी थी और स्वयं सुश्री मायावती भी मोदी जी के पक्ष में प्रचार करने गुजरात गई थी। आज भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने उनका समर्थन कर स्वयं अपने को उस उपाधि के लायक बता दिया है।
श्री चौधरी ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी नेताजी श्री मुलायम सिंह यादव के नेतृत्व मेें सांप्रदायिक ताकतों का मुकाबला करती रही है। मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने भी पिछले दिनो यही कहा था कि सांप्रदायिक होना आसान है, धर्मनिरपेक्ष होना मुश्किल। भाजपा, आरएसएस की पूरी राजनीति सांप्रदायिकता और सामाजिक विद्वेष की रही है। प्रदेश की जनता अब इन्हें इनकी सही जगह बताने में नहीं हिचकेगी।














